अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान जारी यूरोपीय संघ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि, “यूरोपीय संघ आधिकारिक तौर पर ईरान को आर्थिक तौर पर अलग-थलग करने के अभियान में शामिल हो गया है.”
उन्होंने कहा कि अमेरिका “उसके मज़बूत और शुरुआती रुख़ की सराहना करता है.”
बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मज़बूती से खड़ा है. हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ईरानी शासन अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं, हथियार कार्यक्रमों और आतंकवादी गुटों को वित्तीय मदद देने के लिए वैश्विक वित्तीय व्यवस्था का दुरुपयोग न कर सके.”
अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि “दुनिया ईरानी शासन को साफ़ संदेश दे रही है कि जब तक वित्तीय मदद की आख़िरी बची कड़ी भी नहीं टूट जाती, तब तक वे नहीं रुकेंगे.”
दो दिन पहले यूरोपीय आयोग ने एशविले में जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के दौरान एक बयान जारी किया था. इसमें ईरान पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालने की कोशिशों का समर्थन किया गया था. इसमें अमेरिका के नेतृत्व वाले अभियान के ज़रिए आर्थिक दबाव बढ़ाने की संभावना भी शामिल है.
