रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने मांडू क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचागत निर्माण कार्यों तथा प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने जोड़ा तालाब (मांडू) पहुंचकर इसके कायाकल्प और सौंदर्यीकरण का जायजा लिया तथा परिसर में अत्याधुनिक लाइटें लगाने, हरित पट्टी विकसित करने, पैदल पथ निर्माण और जल की निरंतर स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने नया मोड़ से गिद्दी हीरक रोड की स्थिति को देखते हुए विभिन्न समन्वयकारी एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर शीघ्र सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रेमरा, मांडू में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण व निर्माण से जुड़ी प्रक्रियात्मक अड़चनों को दूर करते हुए तेजी से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की अन्य विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन किया और सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इस संपूर्ण निरीक्षण भ्रमण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजया कुजूर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
