ग्रामीणों में खुशी की लहर, बुद्धिजीवियों ने मिठाई खिलाकर जताया हर्ष
भुरकुंडा (रामगढ़)। कुरसे गांव के ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से लंबित कुरसे रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज (अंडरब्रिज) निर्माण को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है। इस खबर के सामने आते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयासरत बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई है। स्वीकृति मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं बुद्धिजीवियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
लोगों ने कहा कि अंडरब्रिज बनने से कुरसे गांव के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और वर्षों से हो रही परेशानी दूर होगी। ग्रामीणों के अनुसार, रेलवे लाइन पार करने के दौरान लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खासकर बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती थी। अब अंडरब्रिज निर्माण की स्वीकृति मिलने से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सुरक्षित और सुगम आवागमन का रास्ता तैयार होगा। बताया गया कि जल्द ही इस योजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। ग्रामीणों ने इसके लिए संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया है।
