पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर 19 जून को जिनेवा में साइन होंगे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस दस्तख़त की रस्म की मेज़बानी करेगा.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, शहबाज़ शरीफ़ ने सोमवार को संसद में कहा कि दुनिया ने शांति का एक ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है, ईरान और अमेरिका ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत और हमेशा के लिए ख़त्म करने का एलान किया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “यह सिर्फ़ दो देशों के बीच का समझौता नहीं है, बल्कि शांति और बातचीत की जीत है, कूटनीति की सफलता है और जंग की हार है.”
पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को बधाई दी.
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी और इटली के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी किया है.
इन देशों के नेताओं ने कहा, “हम इस कूटनीतिक सफलता के लिए अमेरिका, ईरानी सरकार और इसमें शामिल सभी पक्षों को बधाई देते हैं, जिनमें पाकिस्तान, क़तर और अन्य सभी मध्यस्थ शामिल हैं.”