रिपोर्ट : कृष्णा करमाली।
चितरपुर (रामगढ़)।स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल रजरप्पा परियोजना के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए आमजन को कचरे के उचित निस्तारण एवं स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने सर्वप्रथम विद्यालय के निकटवर्ती क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। उनकी सशक्त प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय में भी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के एरिया वेलफेयर ऑफिसर आशीष झा ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नुक्कड़ नाटक के सफल आयोजन में एचके सिंह एवं रजनीश पाठक का विशेष योगदान रहा। दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया है, जो स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम अपने उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित करने में सफल रहा।