रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। एनसीओईए के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय वित्त अधिकारी दिन कृष्णा साहू से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले माह एक पेड हॉलीडे (पीएचडी) एवं एक रविवार की ड्यूटी का भुगतान कर्मचारियों को नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि उक्त बकाया राशि का भुगतान इसी माह किया जाए।
साथ ही भविष्य में कर्मचारियों द्वारा किए गए रविवार एवं पेड हॉलीडे के कार्य का भुगतान किसी भी परिस्थिति में नहीं काटा जाए। इस पर क्षेत्रीय वित्त अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस दिशा में आवश्यक फंड उपलब्ध कराने के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों के बकाया भुगतान की समस्या का समाधान हो सके। मौके पर यूनियन के देवनाथ महली, नागेश्वर महतो, चंदन सिंह, राजेश गुप्ता, साबिर अंसारी एवं अशोक करमाली सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।