कोच कंचन दास ने आत्मरक्षा का दिया संदेश, दोनों प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
भुरकुंडा (रामगढ़)। सितोरियू कराटे फेडरेशन ऑफ झारखंड की भुरकुंडा शाखा के तत्वावधान में आयोजित जजिंग एवं रेफरी प्रशिक्षण शिविर के लिए दो बालिकाओं का चयन किया गया है। शाखा के कोच कंचन दास ने बताया कि सितोरियू कराटे के चीफ सिहोंन जी.बी. थापा के निर्देश पर पेट्रोल पंप भुरकुंडा स्थित अंबेडकर स्थल प्रांगण में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें वर्तमान में पांच दिन का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
प्रशिक्षण के लिए कुरसे निवासी आस्था सिंह (17 वर्ष), पिता पंकज सिंह एवं माता रेखा देवी, तथा लपंगा निवासी सिमरन टोप्पो (15 वर्ष), पिता बिगन टोप्पे एवं माता गीता देवी का चयन किया गया है। प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन रविवार को दोनों प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक महिला और लड़की को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी अवश्य लेना चाहिए।
कराटे न केवल आत्मविश्वास बढ़ाता है, बल्कि विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने में भी सक्षम बनाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को कराटे प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करने की अपील की। शिविर में ब्लैक बेल्ट कराटेकार खुशी कुमारी, चित्रलेखा कुमारी, स्मृति मुंडा, विकास कुमार, शिवांश राज और रियांश राज भी शामिल हैं।
