रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। मांडू प्रखंड के चुम्बा में महानवमी के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्ति भाव से की गई। प्रातःकाल से ही पूजा पंडाल में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। विधिवत मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच पुजारियों द्वारा मां दुर्गा का पूजन एवं हवन संपन्न कराया गया। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि महानवमी पर विशेष पूजा, हवन एवं कन्या पूजन का आयोजन किया गया।
इस दौरान भक्तों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। पूजा समिति द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था की विशेष देखरेख की गई। महानवमी पूजा के सफल आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।

