भुरकुंडा (रामगढ़)। जवाहर नगर स्थित मेन रोड पर गुड्डू पान दुकान के समीप शनिवार की सुबह एक विशाल आकार के चमगादड़ की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जाता है कि चमगादड़ ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय युवकों ने पहले इसे जीवित समझकर एक खूंटे में टांग दिया ताकि यह उड़ सके, लेकिन कुछ देर बाद पता चला कि वह मर चुका है।
इसके बाद आसपास के लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया और इतने बड़े चमगादड़ को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में इतने बड़े आकार का चमगादड़ दूसरी बार देखा गया है।
