भुरकुंडा (रामगढ़)। पीटीपीएस पतरातू रोड नंबर 2 के निवासी विकास सिंह के पुत्र आदित्य सिंह जो फिलहाल 11वीं के छात्र हैं। उन्होंने अपने नवाचार और तकनीकी कौशल से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कम उम्र में ही कई सॉफ्टवेयर विकसित कर चुके आदित्य को आईआईटी बॉम्बे के ई-सेल द्वारा ‘स्मार्टअप बिल्डर्स’ कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
इस कार्यक्रम में आदित्य को देश-विदेश के शीर्ष उद्यमियों से मिलने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में फेरारी कंपनी के सीईओ और बोट कंपनी के संस्थापक अमन गुप्ता जैसे प्रसिद्ध उद्योगपति भी शामिल रहेंगे। आदित्य अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स और तकनीकी सोच के दम पर पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पा चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान भारत (एनआईएफ) द्वारा इंस्पायर माणक अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
