भुरकुंडा (रामगढ़)। कुरसे गांव स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के प्रांगण में 13 फरवरी, शुक्रवार को सुबह 10 बजे नए कराटे प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। केंद्र का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका फुलेश्वरी देवी एवं अन्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया जाएगा।
मार्शल आर्ट सितोरियू कराटे कोच सेंसाई कंचन दास ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में बालिकाओं को आत्मरक्षा के उद्देश्य से नियमित कराटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लड़कियों के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें।
कराटे प्रशिक्षण केंद्र में कुरसे निवासी सेम्पाई आस्था सिंह (ब्लैक बेल्ट तृतीय डान) के द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सेंसाई कंचन दास के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संचालित होगा। उन्होंने बताया कि जो भी बालिकाएं कराटे का प्रशिक्षण लेना चाहती हैं, वे राजकीय कन्या मध्य विद्यालय कुरसे में संपर्क कर अपना नामांकन करा सकती हैं।

