पीटीपीएस स्थित आवासीय कार्यालय में फिर लगा जनता दरबार, पूर्व विधायक ने सुनी समस्या, समाधान का दिया आश्वासन
भुरकुंडा (रामगढ़)। बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने मंगलवार को अपने पीटीपीएस स्थित आवासीय कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान दर्जनों लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबा प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
इस दौरान भदानीनगर स्थित पूर्व ग्लास फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों ने अपने पीएफ (भविष्य निधि) से संबंधित समस्याएं रखीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अनुशंसा पत्र रांची स्थित पीएफ कार्यालय भेजा। अंबा प्रसाद ने बताया कि पूर्व में भी ग्लास फैक्ट्री के मजदूरों को पीएफ भुगतान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप सैकड़ों मजदूरों को पीएफ की राशि मिलनी शुरू हो चुकी है।
कुछ मजदूरों को जानकारी के अभाव में लाभ नहीं मिल पाया था, जिसके लिए मंगलवार को आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं, पतरातू प्रखंड की सौंदा डी पंचायत को सीसीएल द्वारा खाली करने के आदेश के विरोध में ‘सौंदा डी बचाओ संघर्ष समिति’ ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस पर अंबा प्रसाद ने कहा कि वह सौंदा डी पंचायत के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी हैं और जब तक सीसीएल विस्थापितों के पुनर्वास की व्यवस्था नहीं करता, तब तक पंचायत को खाली नहीं कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना मेरा मुख्य लक्ष्य है। मैं विधायक रहूं या नहीं, जनता की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहूंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पीटीपीएस स्थित आवासीय कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए यहां पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम में पतरातू प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष देवानंद प्रसाद, कृष्णा सिंह, जयंत तुरी, योगेंद्र सिंह खरवार, अनिल सिंह, प्रदीप साव, अजय पासवान, सफाकत अंसारी, इमरान अंसारी, अशोक प्रसाद, हरिदास साव, रवि कुमार, सिकंदर कुमार, उमेश कुमार, अशोक कुमार, डॉ. अत्ताउल्लाह, रामशरण गिरी, सुरेंद्र महतो, अजीत सिंह खरवार सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।