भुरकुंडा (पतरातु)। बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी के पतरातु स्थित आवासीय कार्यालय में सौंदा डी पंचायत से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान विधायक ने सीसीएल प्रबंधन से टेलीफोन पर वार्ता कर पंचायतवासियों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताते हुए कड़ी चेतावनी दी।
विधायक रोशनलाल चौधरी ने स्पष्ट कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ वार्ता और सहमति के बिना सौंदा डी क्षेत्र में खनन से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सीसीएल के बरका-सयाल महाप्रबंधक एवं सौंदा डी परियोजना पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर पंचायत के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों और नोटिस वितरण से संबंधित मामलों पर चर्चा की।
बताते चलें कि पंचायत बचाओ संघर्ष समिति सौंदा डी के अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा एवं सचिव संजय यादव के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने विधायक से मुलाकात कर पंचायत क्षेत्र में नोटिस वितरण एवं खनन गतिविधियों से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतवासियों की चिंताओं से विधायक को अवगत कराया और हस्तक्षेप की मांग की। विधायक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समुचित वार्ता के बाद ही किसी भी प्रकार की खनन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। बैठक में पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पांडे, राजगिरी चौधरी, अमरेश कुमार, संतोष शर्मा तथा दीपक कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।