रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। रेलिगड़ा मुख्य सड़क किनारे स्थित नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदीप रजक ने रेलिगड़ा परियोजना पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि रेलिगड़ा मेन रोड पर कई दिनों से नालियों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों तथा काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या का मुख्य कारण नालियों पर किया गया अतिक्रमण है, जिसके कारण नालियां बार-बार जाम हो जाती हैं। प्रदीप रजक ने बताया कि उन्होंने कई बार डे-टू-डे सफाई कार्य के ठेकेदार से संपर्क कर नालियों की सफाई कराने की मांग की, लेकिन ठेकेदार ने स्पष्ट कहा कि जब तक नालियों से अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा, तब तक प्रभावी ढंग से सफाई करना संभव नहीं है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए प्रदीप रजक ने रेलिगड़ा परियोजना पदाधिकारी से नालियों पर हुए अतिक्रमण को शीघ्र हटाने तथा जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।