रांची। हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार शाह बाबा (र. अ.) के पांच दिवसीय सालाना उर्स का गुरुवार को पारंपरिक एवं भव्य आगाज हुआ। उर्स के पहले दिन पहली सरकारी चादर डोरंडा स्थित सदर अयूब गद्दी के आवास से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। चादर पूरे डोरंडा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए हजरत रिसालदार बाबा के पवित्र मजार शरीफ पर अकीदत के साथ पेश की गई। चादरपोशी के साथ ही मजार पर दुआओं का दौर शुरू हो गया और राज्यभर से आने वाले अकीदतमंदों एवं जायरीनों का तांता लग गया।
इस अवसर पर आयोजित पहली चादरपोशी में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव विनय सिंह दीपू एवं प्रदेश महासचिव आलोक दुबे मुख्य रूप से शामिल हुए। दोनों ने बाबा के आस्ताने पर मत्था टेककर क्षेत्र में अमन, चैन एवं भाईचारे के लिए दुआ मांगी। उर्स के सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार शाम रांची के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर जिला दंडाधिकारी एवं डोरंडा थाना प्रभारी मजार शरीफ पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बाबा के दरबार में मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश किए।
इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। कमेटी के सदस्यों ने प्रशासनिक टीम को उर्स एवं मेला परिसर की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। दरगाह कमेटी ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए जायरीनों के लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने और उर्स को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प,
इस दौरान दरगाह कमेटी के सदर अयूब गद्दी, सचिव जावेद अनवर, नायब सदर रिजवान हुसैन, संयुक्त सचिव जुल्फिकार अली भुट्टो, संयुक्त सचिव सादिक इस्लाम, वार्ड 45 के पार्षद पप्पू गद्दी, कार्यकारिणी सदस्य बब्बलू पंडित, आसिफ नईम, नज्जू, शहजाद बबलू, अनीस गद्दी, समाजसेवी कफील गद्दी, अस्सू गद्दी, सैफ गद्दी, असफर खान, इमरान, अरशद कुरैशी सहित सभी सदस्य एवं सदस्यगण मौजूद थे।
