रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। मंगलवार देर रात रामगढ़ फोरलेन से लापता हुए जेएलकेएम के पूर्व प्रत्याशी पनेश्वर महतो को रामगढ़ पुलिस ने हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ घंटों में उनकी बरामदगी हो सकी।
एसपी मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि पनेश्वर महतो के लापता होने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। साथ ही सीमावर्ती जिलों के एसपी से संपर्क कर सहयोग मांगा गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पनेश्वर महतो स्वयं कहीं गए थे या उनके साथ किसी तरह की घटना हुई थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पनेश्वर महतो की सकुशल बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं, त्वरित कार्रवाई के जरिए रामगढ़ पुलिस ने यह संदेश दिया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
