मायल स्टेशन रोड सड़क की मरम्मत का मांग, मिट्टी-मोरम डालने का दिया आश्वासन
रजरप्पा। बड़कीपोना स्थित मायल रेलवे स्टेशन जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है, जिससे आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विरोध के दौरान मौके पर मौजूद राजीव जायसवाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर इसे चलने योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की स्थायी व्यवस्था के लिए रामगढ़ उपायुक्त एवं सांसद को भी मामले से अवगत कराया जाएगा तथा सड़क निर्माण की मांग रखी जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से बड़े-बड़े वाहनों का लगातार आवागमन होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
स्टेशन के समीप रेलवे रैक है, जहां प्रतिदिन कोयले की ढुलाई होती है। इसी कारण सड़क जर्जर हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। मौके पर ग्रामीण रमेश दांगी, जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार, समाजसेवी प्रदीप कुमार, श्यामकिशोर प्रसाद, बिहारी महतो, विकास कुमार, धर्मेंद्र कुमार, ईश्वर महतो, रामचंद्र महतो, राजीव कुमार, गुड्डू कुमार, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।
