रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। कोयलांचल के थाना गिद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए गुम हुई एक नाबालिग लड़की को महज 12 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना में एक नाबालिग के गुम होने का आवेदन प्राप्त हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गिद्दी थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 11/09/26, धारा 137(2)/96 BNS के तहत मामला दर्ज किया।
कांड दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पटना जिले के रूपसपुर थाना क्षेत्र के जगदेव पथ स्थित ग्राम महुवाबाग से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद नाबालिग का बयान CWC और माननीय न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
