रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल गिद्दी ए में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक कौशल एवं अद्भुत क्रियाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वर्ग नर्सरी से वर्ग दो तक के विद्यार्थियों ने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक गणेश प्रतिमाओं, सजावटी वस्तुओं एवं कलाकृतियों का निर्माण किया। रंग-बिरंगे कागज, मिट्टी तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों का उपयोग करते हुए बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता को सुंदर रूप प्रदान किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग की भावना, भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ गतिविधियों में भाग लिया तथा अपनी कला के माध्यम से यह संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और मूल्यों को समझने का माध्यम भी हैं। विद्यालय के प्राचार्य श्री मनप्रिया चटर्जी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान गणेश के गुणों—ज्ञान, विवेक, विनम्रता और सकारात्मक सोच—को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। गणेश चतुर्थी का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए आनंद, सीख और रचनात्मक अभिव्यक्ति से भरपूर रहा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका वंदना चटर्जी, शोभा दुबे,राखी सिंह, अंजली कुमारी, अनुराधा निषाद और मेघा रॉय का प्रमुख योगदान रहा।
