संडे का लाभ नहीं मिलने पर मजदूरों में आक्रोश, आंदोलन की दी चेतावनी
रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। अरगड़ा क्षेत्र की सभी परियोजनाओं में 100 प्रतिशत संडे देने की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा द्वारा आंदोलन के चौथे दिन गिद्दी-सी ऑफिस एवं सिरका में पिट मीटिंग आयोजित की गई। पिट मीटिंग की अध्यक्षता गौतम बनर्जी ने की, जबकि संचालन जवाहर यादव ने किया। पिट मीटिंग में गिद्दी-सी ऑफिस एवं सिरका के मजदूरों को संबोधित करते हुए मजदूर नेता पुरुषोत्तम पाण्डेय, अरुण सिंह, धनेश्वर तुरी, जन्मेजय सिंह, लखन लाल महतो, शशि भूषण सिंह एवं बैजनाथ मिस्त्री ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार लेबर कोड लाकर मजदूरों पर हमला कर रही है,
वहीं दूसरी तरफ प्रबंधन के तानाशाही रवैये से मजदूर त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि अरगड़ा प्रबंधन द्वारा प्रत्येक यूनिट में संडे के नाम पर मजदूरों का शोषण और मनमाना रवैया अपनाया जा रहा है। संयुक्त मोर्चा की मांग है कि चार दिन काम करने के बाद मजदूरों को संडे दिया जाए। वक्ताओं ने कहा कि पिछले तीन साल से अरगड़ा एरिया उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने में पूरे सीसीएल में नंबर एक पर है। इसके बावजूद यहां के मजदूरों को संडे का लाभ नहीं मिल रहा है।
कुछ जगहों पर मनमाने तरीके से पिक एंड चूज कर संडे दिया जा रहा है। वहीं कार्यालयों में भी कर्मियों को संडे नहीं दिया जा रहा है। जीएम ऑफिस में एक-दो कर्मियों को छोड़कर किसी कर्मी को संडे नहीं दिया जाता है। सिरका ऑफिस, रेलीगढ़ा ऑफिस, गिद्दी-ए एवं गिद्दी-सी ऑफिस में भी यही स्थिति है। संयुक्त मोर्चा ने कहा कि अरगड़ा प्रबंधन पूरे एरिया में 100 प्रतिशत संडे देने की मांग को पूरा करे, अन्यथा मजदूर आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान उपस्थित सभी मजदूरों ने एक स्वर में नारेबाजी करते हुए आंदोलन करने की बात कही। पिट मीटिंग में मुख्य रूप से संजय बक्शी, कृष्णा सिंह, कमलेश साव, गोपाल चंद्र प्रसाद, सुखदेव महतो, रुपलाल महतो, राज कुमार सिंह, संदीप कुमार, मोहित कुमार, महाबीर मुर्मू, रघुनाथ बेदिया, श्री राम, रविंद्र पंडित, प्रदीप कुमार महतो, उदय कुमार, अशोक करमाली, सूरज सिंह, मौसमी देवी, रेखा देवी, शीला देवी, हीरा देवी, सुनैना देवी, सीमा देवी, चंपा देवी, बल्बिन्द्र कौर, नेहा कुमारी सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।
