रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। कोयलांचल अरगड्डा-सिरका क्षेत्र में बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश के साथ रिमझिम फुहारों का दौर जारी रहा। बारिश के कारण अरगड्डा, सिरका, जीएम ऑफिस, गिद्दी, रैलीगढ़ा समेत टोगी, चपरी, पड़रिया, कंजगी और चुम्बा गांव सहित आसपास के ग्रामीण एवं कोयलांचल क्षेत्र में मौसम सुहाना हो गया। लगातार बारिश के कारण दामोदर नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी गई।
कई इलाकों में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया, जबकि रिमझिम बारिश के बीच लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। वहीं, लंबे समय से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों ने बारिश के बाद राहत महसूस की। ग्रामीण इलाकों में भी बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई। कोयलांचल क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव और आवागमन को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा।
