रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को मांडू थाना क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। फ्लैग मार्च में अंचल अधिकारी मांडू, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च गोला थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सजग है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का आग्रह किया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी संवाद स्थापित किया तथा पर्व के अवसर पर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल स्थापित करने का प्रयास किया गया, जिससे मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।