आमसभा में दी चेतावनी, कहा- समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो होगा सड़क आंदोलन
भुरकुंडा (रामगढ़)। सौन्दा डी पंचायत भवन में गुरुवार को सौन्दा डी सब-स्टेशन, वाटर सप्लाई व्यवस्था एवं कॉलोनी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली केबल चोरी की घटनाओं को लेकर आमसभा आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और प्रबंधन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सौन्दा डी प्रबंधन एवं प्रशासन समय रहते केबल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में विफल रहता है, तो आने वाले दिनों में सौन्दा डी पंचायत के ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी सौन्दा डी प्रबंधन एवं प्रशासन की होगी। वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही केबल चोरी से बिजली आपूर्ति और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे कॉलोनीवासियों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्ती, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। बैठक में मुख्य रूप से सौन्दा डी पंचायत के मुखिया उपेंद्र शर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, मजदूर नेता अशोक शर्मा, संजय यादव, सुशील कुमार सिंह, राजगिरी चौधरी, प्रवीण नायक, संजय कुमार, विष्णु कुमार, दीपक कुमार, राम पुकार ठाकुर, सुनील कुमार सिंह, शाहिद अंसारी, संतोष रजक, विनोद कुमार, संदीप कुमार, रविंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।