रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। रामगढ़ शहर में चर्च की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को ध्वस्त किए जाने के विरोध में डियू मिशन चर्च के लोगों एवं ईसाई समाज के सदस्यों ने कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया। कैंडल मार्च डियू मिशन चर्च परिसर के समीप से शुरू होकर रामगढ़ सुभाष चौक तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने चर्च की संपत्ति की सुरक्षा और मामले में जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
चर्च के लोगों का आरोप है कि रामगढ़ शहर में स्थित डियू मिशन की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि मिशन की जमीन पर बने अस्पताल के हिस्से को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए उपयोग किए जाने वाले मैदान में भी जेसीबी चलाने तथा कई पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
चर्च के पदरी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी दायर किया गया है। इसके बावजूद कथित रूप से जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिशन परिसर में बच्चों के लिए संचालित स्कूल की चारदीवारी को भी तोड़े जाने का आरोप है। मामले की जानकारी रांची स्थित चर्च के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी दी गई है।
चर्च के उत्तराधिकारियों की ओर से भू-माफियाओं की कथित गतिविधियों को लेकर रामगढ़ उपायुक्त को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप एवं न्याय की मांग की गई है।
चर्च से जुड़े लोगों ने कहा कि उनकी संपत्ति को उजाड़ने अथवा उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो वेलोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध जारी रखेंगे। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने जिला प्रशासन से चर्च की जमीन एवं परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
