रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटॉड एवं नेमरा में 4 अगस्त को आयोजित होने वाले विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए
अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ ने 4 अगस्त 2026 को सुबह 5:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डीवीसी चौक (गोला) से सिल्ली मोड़ स्थित स्वर्णरेखा पुल तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, ट्रकों एवं भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन के निर्देशानुसार डीवीसी चौक, गोला से सिल्ली मोड़ स्वर्णरेखा पुल तक तथा सिल्ली मोड़ से डीवीसी चौक, गोला की ओर सभी मालवाहक एवं भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
