भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा थाना मैदान में रविवार रात श्रावणी मेला के दौरान न्यू बैरेक और भुइयां टोली के युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पत्थरबाजी होने से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। झड़प में न्यू बैरेक के राहुल कुमार, सूरज कुमार, मनीष, कृष्णा तथा भुइयां टोली के अनिल भुइयां, दीपक भुइयां और प्रकाश भुइयां घायल हो गए। कुछ घायलों का इलाज स्थानीय क्लिनिक में किया गया, जबकि दो को भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद भुइयां टोली में दोबारा मारपीट की भी खबर है। हालांकि अब तक किसी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं दर्ज कराई है। इधर, रक्षाबंधन के दिन मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर बाइकर्स गैंग ने भी खूब उत्पात मचाया। तेज रफ्तार से निकली एक बाइक जनता टॉकिज के पास मेला घूमने आई सुंदरनगर की दो युवतियों रिया और जिया को टक्कर मारकर फरार हो गई। दोनों को भुरकुंडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।
