भीषण गर्मी में राहत : भुरकुंडा में दो प्याऊ शुरू, बीडीओ ने किया उद्घाटन
भुरकुंडा (रामगढ़)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को भुरकुंडा थाना चौक स्थित गोपाल होटल के समीप तथा बिरसा चौक में दो प्याऊ का उद्घाटन किया गया। पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता और पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम ने फीता काटकर प्याऊ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में गर्मी खतरनाक रूप ले चुकी है, इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना बेहद जरूरी है और हर आधे घंटे पर पानी पीने की आदत डालनी चाहिए, ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिना जरूरी काम के दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर ढककर निकलें और अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि मजदूर, रिक्शा चालक, ऑटो चालक, राहगीर और सड़क किनारे काम करने वाले लोग सबसे अधिक गर्मी की मार झेलते हैं। इन्हीं लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
प्याऊ शुरू होते ही वहां पानी पीने वालों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सफर के दौरान ठंडा पानी मिलना बड़ी राहत है। लोगों ने कहा कि दोपहर के समय सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है, ऐसे में यह व्यवस्था आमजन के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। मौके पर भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान, पूर्व मुखिया प्रदीप मांझी, उप मुखिया संजीत राम, पंचायत सचिव सावित्री कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


