रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। शुक्रवार को रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय डेवलपमेंट टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले के समग्र विकास, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सर्वप्रथम उपायुक्त ने पिछले बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में अब तक हुए कार्य प्रगति का पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने बताया कि टास्क फोर्स के अंतर्गत विकास शाखा दो अलग-अलग विंग में कार्य करेगी।
प्रथम विंग डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) से संबंधित योजनाओं पर कार्य करेगा, जबकि दूसरा विंग विभिन्न योजनाओं के समन्वय एवं क्रियान्वयन पर कार्य करेगा, जिसमें सीएसआर, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपीलैड) एवं विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमएलएएलएडी) से संबंधित योजनाएं शामिल होंगी। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रामगढ़ जिले के विकास को नई दिशा देना है।
इसके तहत डीएमएफटी के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आधारभूत संरचना, कौशल विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा विभिन्न विभागों में अलग-अलग स्तर पर लंबित फाइलों एवं प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य करें। उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से विकास योजनाओं के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवहारिक एवं जनहितकारी प्रस्ताव उपलब्ध कराएं ताकि जिले के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
