रिपोर्ट : कृष्णा करमाली।
चितरपुर (रामगढ)। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट एवं जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक ममता देवी ने पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मुलाकात कर क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान विधायक ने चितरपुर, दुलमी, गोला तथा रामगढ़ शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में कई इलाकों में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आमजन प्रभावित हैं।विधायक ममता देवी के आग्रह पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने चितरपुर प्रखंड में विशेष पेयजल शिविर आयोजित करने तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय विधायक ममता देवी के इस प्रयास की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए उनका संघर्ष क्षेत्र की जनता के हित में महत्वपूर्ण कदम है।विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है तथा इसके लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगी।