प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले विवाद खड़ा हो गया है.
प्रयागराज के कायस्थ पाठशाला प्रबंधन ने 8 अगस्त को कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज के खेल मैदान का आवंटन रद्द कर दिया है.
कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ सिंह ने एक पत्र लिखा है. इसमें बताया गया है कि कॉलेज के प्राचार्य ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश का ज़िक्र करते हुए चिंता जताई है कि इससे छात्रों की पढ़ाई और खेल गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इस कार्यक्रम से दो स्कूलों के छात्रों को परेशानी हो सकती है. इसमें लिखा, “कार्यक्रम के कारण स्कूल की गतिविधियां प्रभावित होंगी. साथ ही, बरसात के पानी से खेल का मैदान खराब हो सकता है, जिसे ठीक करने में काफ़ी समय और मेहनत लगेगी. इसलिए कार्यक्रम की तारीख़ ऐसी रखी जाए, जिससे स्कूल की पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में कोई बाधा न आए.”
हाई कोर्ट के आदेश और मौजूदा हालात को देखते हुए कार्यक्रम को बरसात के बाद छुट्टियों के समय आयोजित करने का सुझाव दिया गया है.
इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए प्रबंधन ने पहले दी गई अनुमति रद्द कर दी है.
पत्र में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के लिए जमा की गई धनराशि वापस ली जा सकती है और आयोजन की नई तारीख़ बरसात के बाद, स्कूल के अवकाश के दौरान तय की जाए.
वहीं, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के संयोजक अनिल यादव ने मैदान का आवंटन रद्द किए जाने के फ़ैसले का विरोध किया है.
अनिल यादव ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, “हमें कायस्थ पाठशाला की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है लेकिन कांग्रेस पार्टी कार्यक्रम की तैयारी में जुटी है. राहुल गांधी का कार्यक्रम तय समय पर होगा. हम कार्यक्रम करेंगे, चाहे इसके लिए सड़क पर ही आयोजन क्यों न करना पड़े.”
