रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। डाक विभाग की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी 24 सितंबर को आयोजित होने वाले डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा महामेला को लेकर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर मो. जसीम खान के साथ ग्रामीण क्षेत्र सांडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर टूटी झरना परिसर में दुकानदारों के साथ बैठक की। बैठक से पूर्व रविशंकर राय ने पोस्टमास्टर मो. जसीम खान एवं बिहार के हाजीपुर, रेपुरा लालगंज निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू के साथ शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उन्होंने रामगढ़वासियों एवं डाकघर परिवार के लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों, श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने कहा कि छोटी-छोटी बचत के माध्यम से डाकघर की योजनाओं में राशि जमा कर भविष्य के लिए अच्छी रकम तैयार की जा सकती है। उन्होंने लोगों से डाकघर की बचत योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू ने कहा कि देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय संस्थाओं में डाकघर का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डाकघर डिजिटल रूप में भी उपलब्ध है और लोगों को विभिन्न सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों से कहा कि यदि वे प्रतिदिन अपनी पूजा सामग्री की एक डाली की कीमत के बराबर राशि अपने और अपने परिवार के लिए डाकघर में जमा करें, तो भविष्य में उन्हें एकमुश्त अच्छी राशि प्राप्त हो सकती है।
उन्होंने सभी लोगों से डाकघर में खाता खुलवाने की अपील की। मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि सितंबर माह में 24 सितंबर को डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा महामेला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होकर बीमा कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में कम प्रीमियम के माध्यम से बीमा सुविधा के साथ बोनस का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर मो. जसीम खान, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू, दुकानदार संजय कुमार महतो, मीतेश मिश्रा समेत कई महिला दुकानदार एवं अन्य लोग उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने डाकघर की योजनाओं से जुड़ने और खाता खुलवाने की बात कही।
