रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। गिद्दी थाना क्षेत्र के बुंडू गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार 24 चक्का हाइवा की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बुंडू गांव निवासी जीतन मांझी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर गिद्दी-नयीसराय मार्ग जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, 24 चक्का हाइवा पतरातू की ओर से गिद्दी होते हुए डोभी की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान बुंडू गांव के पास हाइवा ने सड़क किनारे मौजूद बुजुर्ग जीतन मांझी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटना के बाद हाइवा भी सड़क किनारे पलट गया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में हाइवा चालक को भी चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। बुजुर्ग की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर मार्ग को जाम कर दिया।
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही गिद्दी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि ग्रामीण तत्काल मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा मिलने के बाद ही सड़क जाम समाप्त किया जाएगा। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी थी।
