रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। रामगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर जिले में संपत्तिमूलक अपराधों की रोकथाम एवं लंबित मामलों के उद्भेदन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच एवं छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने मो. नजरूल अंसारी (पिता- मो. अब्बास अंसारी) तथा मो. निसार अंसारी (पिता- स्व. अहमद अंसारी), दोनों निवासी बड़की कुन्दरूकला, थाना रामगढ़ को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिलें चोरी की हैं।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। मामले में पुलिस ने रंजीत महतो (32 वर्ष), पिता शंभू महतो, निवासी कुन्दरूकला, थाना रामगढ़ को भी गिरफ्तार किया है। इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या-194/2026, दिनांक 21 जुलाई 2026, के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामद वाहन पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें पैशन प्रो, पल्सर, होंडा साइन और डिस्कवर सहित विभिन्न कंपनियों की बाइक शामिल हैं। बरामद दो मोटरसाइकिलों के इंजन एवं चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए हैं, जबकि अन्य वाहनों के पंजीकरण नंबर एवं तकनीकी विवरण का सत्यापन किया जा रहा है। मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मो. नजरूल अंसारी के विरुद्ध रामगढ़, मांडू (कुज्जू), चरही, बोकारो सेक्टर-04, सेक्टर-05 तथा पेटरवार थानों में वर्ष 2008 से 2022 तक वाहन चोरी एवं चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय, पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, सुमंत कुमार राय, मंजेश कुमार सिंह, रौशन कुमार, कुज्जू ओपी प्रभारी आशुतोष सिंह, ओमकार पाल सहित रामगढ़ थाना एवं रिजर्व गार्ड के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।