रिपोर्ट : कृष्णा करमाली।
चितरपुर (रामगढ़)। झारखंड में दिव्यांग, वृद्ध एवं विधवा पेंशनधारियों को पिछले चार माह से पेंशन राशि नहीं मिलने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनधारी बैंक, प्रखंड एवं जिला कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस संबंध में झारखंड के नेशनल खिलाड़ी एवं चितरपुर के लारीकलां निवासी जितेंद्र पटेल ने राज्य सरकार से लंबित पेंशन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों दिव्यांग, वृद्ध एवं विधवा लाभुक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई लोगों के समक्ष दैनिक जीवनयापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि जहां मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को प्रतिमाह ₹2500 की राशि उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं दिव्यांग, वृद्ध एवं विधवा पेंशनधारियों को मात्र ₹1000 मासिक पेंशन भी समय पर नहीं मिल रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि समाज के सबसे कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को समय पर सहायता क्यों नहीं मिल पा रही है। जितेंद्र पटेल ने सरकार से मांग की कि लंबित पेंशन राशि का अविलंब भुगतान किया जाए तथा भविष्य में नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने दिव्यांग, वृद्ध एवं विधवा पेंशनधारियों की पेंशन राशि बढ़ाने पर भी विचार करने का आग्रह किया।