जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में हुई बैठक
विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित जानकारी दी गई
राजनीतिक दलों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने एवं सभी बूथों पर बीएलए-2 की प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह
रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार गुप्ता तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत झारखंड राज्य में SIR की क्वालीफाइंग डेट 01 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।
इस दौरान विशेष रूप से यह बताया गया कि योग्य मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रक्रिया में शामिल कराने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री ऋतुराज ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की शीघ्र प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया गया।
साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां: क्वालीफाइंग डेट – 01.10.2026 तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग – 20.06.2026 से 29.06.2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन – 30.06.2026 से 29.07.2026 तक मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन – 29.07.2026 तक ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन – 05.08.2026 दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि – 05.08.2026 से 04.09.2026 तक दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05.08.2026 से 03.10.2026 तक अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07.10.2026


